जिले के सभी 1371 मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन


सीहोर, 12 नवम्बर 2026     भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 1371 मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया है। प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन संबंधित मतदान केन्द्रों पर किया जा सकता है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री व्रजेश सक्‍सेना कलेक्‍टर कार्यालय मे मान्‍यता प्राप्‍त राजनीतिक दलो कि बैठक आयोजित कर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया।



      प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने एवं अपात्र प्रविष्टियों के संबंध में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 दिसंबर 2026 तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इसके पश्चात 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। निर्वाचन आयोग का यह कार्यक्रम मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।


 

      प्रकाशित मतदाता सूची में मतदाता अपना नाम, पता एवं अन्य दर्ज विवरणों की जांच कर सकते हैं। सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन की आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने विवरणों का सत्यापन अवश्य करें, ताकि मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज रहे और कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।


 


जिले की प्रारूप मतदाता सूची में 10 लाख 5 हजार 821 मतदाता




      सीहोर जिले की प्रारूप मतदाता सूची में 10 लाख 5 हजार 821 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 5 लाख 21 हजार 416 पुरुष, 4 लाख 84 हजार 382 महिला तथा 23 अन्य मतदाता शामिल हैं।




      विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या के अनुसार 156-बुदनी में कुल 02 लाख 76 हजार 440 मतदाता हैं। इनमें 01 लाख 43 हजार 663 पुरुष, 01 लाख 32 हजार 770 महिला तथा 7 अन्य मतदाता हैं। इसी प्रकार 157-आष्टा में कुल 2 लाख 83 हजार 905 मतदाता हैं, जिनमें 01 लाख 47 हजार 177 पुरुष, 01 लाख 36 हजार 725 महिला तथा 03 अन्य मतदाता शामिल हैं।



      158-इछावर विधानसभा क्षेत्र में कुल 02 लाख 29 हजार 602 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 19 हजार 814 पुरुष, 01 लाख 9 हजार 782 महिला तथा 06 अन्य मतदाता हैं। वहीं 159-सीहोर विधानसभा क्षेत्र में कुल 02 लाख 15 हजार 874 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 01 लाख 10 हजार 762 पुरुष, 01 लाख 5 हजार 105 महिला तथा 07 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिला कार्यालय में मतदाता सूची के प्रकाशन के दौरान राजनीतिक दलो के प्रतिनिधियों में श्री जलज कुमार छोकर (भाजपा) तथा केके रिछारिया (आईएनसी) सहित अन्‍य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments