जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा पर्व पंचायत स्तरीय गौशालाओं में हुआ गोवर्धन पूजन एवं गौ माता की पूजा-अर्चना


सीहोर, 09 नवम्बर 2026      गोवर्धन पूजा का पावन पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले की सभी पंचायत स्तरीय गौशालाओं में विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की गई तथा गौ माता का पूजन कर जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।


      गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौशालाओं में गौ माता को तिलक लगाकर पूजा की गई तथा उन्हें पारंपरिक रूप से आहार अर्पित किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। यह पर्व हमें गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और सेवा के साथ प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।


      आष्टा विकास खंड के ग्राम गवाखेड़ा में आयोजित गोवर्धन पूजा में विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर शामिल हुए। इसके साथ ही जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी तथा शासकीय अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में सहभागिता की और गौ सेवा एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों से धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण बना रहा।


     गोवर्धन पूजा के माध्यम से ग्रामीणों को गौवंश के महत्व, गौशालाओं की उपयोगिता और पशुधन संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौ सेवा और संरक्षण हमारी समृद्ध परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे सामूहिक आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

0 Comments