कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने आईएसपी पार्वती फेस 1 और 2 सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण ओएमएस बॉक्स की कार्यप्रणाली का लिया जायजा, सिस्टम की नियमित निगरानी करने के एसडीएम को दिए निर्देश


सीहोर, 17 नवम्बर 2026     कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने आष्टा क्षेत्र में आईएसपी पार्वती फेस 1 और 2 सिंचाई परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के संबंध में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने ओएमएस बॉक्स (आउटलेट मैनेजमेंट सिस्टम) का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता की जानकारी ली।

     कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था में ओएमएस बॉक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके माध्यम से जल वितरण व्यवस्था को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहायता मिलती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिस्टम का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि उपकरणों को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे और सिंचाई व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित होती रहे।

     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर सिस्टम की निगरानी करें और संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर इसकी कार्यप्रणाली पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

   कलेक्टर ने निर्देशित किया कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाए। सिंचाई व्यवस्था सुचारू रहने से किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी और फसलों की सिंचाई समय पर सुनिश्चित हो सकेगी।

     उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिंचाई योजना का प्रभावी संचालन एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री महेंद्र प्रताप सिंह किरार, एनवीडीए के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।



 



Post a Comment

0 Comments