सीहोर! दीपावली के ठीक दूसरे दिन मनाए जाने वाले गोवर्धन पूजा और पड़वा के पावन पर्व पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं समाजसेवी राकेश राय ने अपनी गोवंश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने पशुओं को तिलक लगाकर, गुड़-चारा खिलाया और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी राकेश राय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, हमारी सनातन संस्कृति में पशुओं को सिर्फ पालतू नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा और प्रकृति का अहम आधार माना गया है। मूक प्राणियों की सेवा और उनका संरक्षण करना हमारा सबसे बड़ा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने आज के आधुनिक दौर में गौवंश और अन्य बेजुबान पशुओं की सुरक्षा व संवर्द्धन पर विशेष जोर देते हुए समाज से आगे आने की अपील की।
बता दें दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के साथ पशुओं के पूजन की परंपरा का उत्साहपूर्वक निर्वहन किया गया। समाजसेवी राकेश राय ने कहा कि गोवंश की रक्षा और पर्यावरण संतुलन के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। बता दें पूजा अर्चना से पहले पशुओं को स्नान कराकर, उन्हें सजाया गया और पारंपरिक तरीके से उनकी आरती उतारकर भोग लगाया गया। इस अवसर पर अनेक पशुपालक भी मौजूद रहे जिन्होंने समाजसेवी राकेश राय के साथ मिलकर पशुओं की पूजा की और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

0 Comments