सीहोर, 17 नवम्बर 2026 मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संजीव कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में 14 से 20 नवम्बर 2026 तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत ऑक्सफोर्ड स्कूल सीहोर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अनुराग सिंह कुशवाह एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी, थाना कोतवाली से उप निरीक्षक श्री विवेक आर्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला न्यायाधीश / सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह द्वारा विद्यार्थियों को विधिक सेवाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, नागरिकों के कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा विधिक जागरूकता के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है तथा समाज में न्याय, समानता एवं विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी द्वारा बताया गया कि, निःशुल्क विधिक सहायता / सलाह, सायबर क्राइम, पॉक्सो अधिनियम, सालसा एवं नालसा की योजनाओं की जानकारी, शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आदि विस्तार से दी गई।
उप निरीक्षक थाना कोतवाली श्री विवेक आर्य द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली, सड़क सुरक्षा, यातायात नियम एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर ऑक्सफोर्ड विद्यालय में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
स्कूल न्यायोत्सव - विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ब्लू बर्ड स्कूल, आईईएस स्कूल, पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय, ऑक्सफोर्ड स्कूल एवं शासकीय मॉडल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं हुई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विधिक जागरूकता से संबंधित विषयों पर अपनी प्रतिभा एवं विचारों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक श्री जॉली कुरियन एवं प्राचार्य श्रीमती बीना कुरियन सहित विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इसी अनुक्रम में न्यायोत्सव विश्वविद्यालय में भी विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से श्री आसिंफ खान डिप्टी चीफ असिस्टेंट, कु. एकता सेन, कार्यालय सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री आबिद खान एवं पैरालीगल वॉलंटियर कु. रीना मालवीय द्वारा सहभागिता की गई।
शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जाने वाली विधिक सेवाओं तथा आम नागरिकों के विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विद्यार्थियों को विधिक रूप से जागरूक होकर समाज में भी कानून एवं न्याय से संबंधित जानकारी का प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया। उक्त दोनों आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को विधिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करना और न्यायोत्सव- विधिक सेवा सप्ताह के माध्यम से विधिक साक्षरता एवं न्याय की पहुंच का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments