नन्हे हाथ को मिली सामान्य बनावट जन्मजात अतिरिक्त उंगली से मिली नवजात को राहत


सीहोर, 23 नवम्बर 2026     जन्म के समय बच्चे के शरीर में कोई असामान्यता दिखाई दे तो माता-पिता के लिए चिंता होना स्वाभाविक है, लेकिन समय पर इसकी पहचान और सही उपचार मिल जाए तो ऐसी परेशानियों को आसानी से दूर किया जा सकता है। इसका उदाहरण जिला चिकित्सालय में देखने को मिला, जहां जन्मजात रूप से हाथ में अतिरिक्त उंगली लेकर जन्मे एक नवजात शिशु का सफल उपचार किया गया। अब बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।


            दरअसल, जिला चिकित्सालय की मैटरनिटी में जन्म के बाद नवजात की नियमित स्वास्थ्य जांच की गई। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र में बच्चे का सिर से पैर तक परीक्षण किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने पाया कि बच्चे के एक हाथ में सामान्य उंगलियों के अलावा एक अतिरिक्त उंगली है, जो केवल त्वचा के सहारे जुड़ी हुई थी। चिकित्सकीय भाषा में इस जन्मजात स्थिति को पॉलीडैक्टिली कहा जाता है।जांच के बाद बच्चे को जिला चिकित्सालय के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. हरिओम गुप्ता के पास भेजा गया। उन्होंने बच्चे की जांच कर आवश्यक शल्य प्रक्रिया के माध्यम से अतिरिक्त उंगली को सफलतापूर्वक हटा दिया। उपचार के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य है और वह पूरी तरह स्वस्थ है। यह सफलता बताती है कि जन्म के तुरंत बाद बच्चों की स्वास्थ्य जांच कितनी महत्वपूर्ण है। कई बार जन्मजात समस्याएं सामान्य दिखाई देने वाली जांच में सामने आती हैं, जिन्हें समय रहते पहचानकर उचित उपचार दिया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments