प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सीहोर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा प्रतिभाओं के संगम के साथ दो दिवसीय युवा उत्सव संपन्न



प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, चंद्रशेखर आज़ाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीहोर के कुँवर चैनसिंह सभागार में आयोजित दो दिवसीय महाविद्यालयीन युवा उत्सव आज अपार उत्साह, उमंग और सृजनात्मक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दो दिवसीय युवा उत्सव में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समारोह के द्वितीय दिवस पर विद्यार्थियों ने रंगोली (थीम: वसुधैव कुटुंबकम), वक्तृता अंग्रेज़ी (विषय: सोशल मीडिया और युवा पीढ़ी), वक्तृता हिंदी (विषय: राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका), वाद-विवाद अंग्रेज़ी (विषय: लोकतंत्र में मतदान अनिवार्य), वाद-विवाद हिंदी (विषय: कृत्रिम बुद्धिमत्ता-AI), मूर्तिकला (विषय: गौतम बुद्ध की ध्यान मुद्रा में प्रतिमा निर्माण), स्पॉट पेंटिंग (विषय: गुरु सांदीपनि का चित्र), कोलाज (विषय: कथक नृत्य – भारतीय संस्कृति एवं शास्त्रीय नृत्य की झलक), पोस्टर निर्माण (विषय: नशामुक्ति – नशे को कहें ना, जीवन को कहें हाँ), कार्टूनिंग/व्यंग्यचित्र (विषय: एक भारत–श्रेष्ठ भारत) एवं प्रश्न मंच जैसी विभिन्न साहित्यिक एवं रूपांकन विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नितिन बातव ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचानने एवं निखारने का उत्कृष्ट मंच है। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. देवेंद्र कुमार वरवड़े एवं डॉ. जितेंद्र आर्य द्वारा किया गया।

इस भव्य एवं सफल आयोजन के सुव्यवस्थित संचालन में युवा उत्सव आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के प्रभारी डॉ. सिद्धनाथ खजूरिया, सह-प्रभारी डॉ. जितेंद्र आर्य तथा सदस्य डॉ. दिव्या शर्मा, डॉ. अजयपाल प्रजापति, डॉ. धर्मेन्द्र वर्मा एवं श्रीमती सिनिका सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के समन्वय एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सराहनीय योगदान दिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के रजिस्ट्रार श्री संतोष कुमार सक्सेना, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शीलचंद्र गुप्ता डॉ. प्रमिला जैन, डॉ. तृप्ता झा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन उद्बोधन डॉ. शीलचंद्र गुप्ता द्वारा दिया गया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. दिव्या शर्मा ने किया। महाविद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागी आगामी जिला स्तरीय युवा उत्सव में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।


Post a Comment

0 Comments