सीवन नदी संरक्षण की अनूठी पहल, महिला घाट पर रखे गए दो पूजन सामग्री पात्र पति की स्मृति में स्थापित पात्रों को देखकर भावुक हुईं श्रीमती बसंती देवी श्रीवास्तव, समाजसेवी भारत गुप्ता ने सीवन अभियान के लिए दिए 51 हजार रुपये 11 माह से लगातार जारी है सीवन संरक्षण अभियान, अब तक नदी तट पर स्थापित किए गए पांच पूजन सामग्री पात्र


सीहोर। नगर की जीवनदायिनी माँ सीवन नदी के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर सीवन पुत्र-पुत्री टीम द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को सीवन नदी के महिला घाट पर पूजन सामग्री पात्र महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय श्री मांगीलाल श्रीवास्तव की पुण्य स्मृति में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती बसंती देवी श्रीवास्तव द्वारा दो पूजन सामग्री पात्र स्थापित करवाए गए। अपने दिवंगत पति की स्मृति में स्थापित पात्रों को देखकर श्रीमती बसंती देवी श्रीवास्तव भावुक हो उठीं। इस अवसर पर समाजसेवी भारत गुप्ता ने सीवन संरक्षण अभियान के लिए 51 हजार रुपये की राशि प्रदान कर अभियान को नई ऊर्जा दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सीवन की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। श्रीमती बसंती देवी श्रीवास्तव, उनके परिजनों, गणमान्य नागरिकों तथा सीवन पुत्र-पुत्री टीम के सदस्यों ने मां सीवन की आराधना कर नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके पश्चात श्रीमती बसंती देवी श्रीवास्तव, विष्णु श्रीवास्तव, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, सुनील शर्मा एवं शैलेंद्र श्रीवास्तव ने फीता काटकर दोनों पूजन सामग्री पात्रों का लोकार्पण किया।

सीवन अभियान बन रहा जनआंदोलन, अतिथियों ने की सराहना


इस अवसर पर डॉ. अशोक जायसवाल ने सीवन पुत्र-पुत्री टीम के प्रयासों की जमकर प्रशंसा करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताया। समाजसेवी भारत गुप्ता ने सीवन अभियान को नदी संरक्षण की क्रांति बताते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाया जा सकता है।

वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सीवन संरक्षण अभियान नदी के लिए वरदान साबित हो रहा है। यह गर्व की बात है कि सीहोर से शुरू हुआ यह अभियान नदी संरक्षण के क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। समाजसेवी सुनील शर्मा ने भी सीवन पुत्रों एवं सीवन योद्धाओं की निस्वार्थ सेवा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

सुबह से ही स्वच्छता अभियान में जुटे सीवन योद्धा


कार्यक्रम से पूर्व रविवार सुबह मुकेश राय, प्रदीप चावड़ा एवं योगेंद्र राय सहित सीवन योद्धा महिला घाट पहुंचे और नदी तट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाट की साफ-सफाई कर लोगों को नदी में कचरा एवं पूजन सामग्री नहीं डालने का संदेश दिया गया।

सीवन पुत्र-पुत्री टीम ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत सीवन पुत्री ललिता कुशवाह, ज्योति चावड़ा तथा सीवन पुत्र प्रदीप साबू, वीरेंद्र सिंह बिसौरिया, अशोक नामदेव, राधेश्याम मकवाना, प्रकाश यादव, मुकेश राय, योगेंद्र राय, कनीराम मालवीय, सुरेश भगत एवं मुकेश कुशवाह सहित अन्य सदस्यों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. अशोक जायसवाल, श्रीमती बसंती देवी श्रीवास्तव, विष्णु श्रीवास्तव एवं उनकी धर्मपत्नी, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, प्रदीप साबू, सुनील शर्मा, भारत गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र श्रीवास्तव, राधेश्याम मकवाना, प्रदीप सक्सेना, योगेंद्र श्रीवास्तव, प्रकाश यादव, मुकेश राय, कनीराम मालवीय, वैभव राठौर, सुरेश भगत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं सीवन संरक्षण अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने मां सीवन को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा सीवन संरक्षण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


Post a Comment

0 Comments