सीहोर। विधायक सुदेश राय ने सोमवार को युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में शुरू किए गए तीन दिवसीय तकनीकी, नवाचार, करियर एवं उद्यमिता कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यशाला में ड्रोन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर विशेषज्ञों के व्याख्यान और लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
विधायक सुदेश राय ने मध्य प्रदेश शासन एवं तकनीकी शिक्षा संचालनालय के निर्देशानुसार ‘सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रदर्शनी में प्रस्तुत किए गए तकनीकी मॉडल और नवाचारों का अवलोकन भी किया। छात्र-छात्राओं से विधायक सुदेश राय ने मॉडल की पूरी जानकारी भी प्राप्त की और बच्चों का उत्साह वर्धन किया।
कार्यशाला का उद्देश्य बताते हुए महाविद्यालय के प्रशासनिक प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने कहा कि स्कूली विद्यार्थियों, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं और स्थानीय युवाओं को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराने के साथ उनके कौशल विकास एवं रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय ने कहा कि यह तीन दिवसीय आयोजन विद्यार्थियों के लिए व्यक्तित्व विकास, तकनीकी करियर काउंसलिंग और कौशल विकास के लिए सर्वोत्तम अवसर है। उन्होंने कहा कि तकनीकी विज्ञान क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों को यह कार्यशाला किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ना चाहिए।
तीन दिवसीय कार्यशाला के दौरान विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी), रैंप योजना और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े विशेषज्ञ युवाओं को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने, उद्यमिता के अवसरों को समझने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे।

0 Comments