नगर पालिका की पीआईसी बैठक में बड़ा फैसला, 39 में से सभी 39 मुद्दों पर बनी सहमति विकास कार्यों को मिली रफ्तार, कई वार्डों में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण को मिलेगी गति


सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर में आयोजित पीआईसी (प्रेसीडेंट इन काउंसिल) की महत्वपूर्ण बैठक में शहर के विकास को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया। बैठक में कुल 39 विषयों पर चर्चा की गई और सभी 39 विषयों पर सहमति बनी। बैठक में विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण, नाली निर्माण एवं सामुदायिक भवन जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों को लेकर सहमति बनने से शहर के विकास को नई गति मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पीआईसी की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर सहमति बनाई गई।

इसमें वार्ड क्रमांक 2 देवनगर कॉलोनी: माताजी के मंदिर के पीछे झागरिया रोड पर नाली निर्माण कार्य किया जाएगा। इसकी लागत 38 लाख रुपये निर्धारित है। वार्ड क्रमांक 6 जैन मंदिर वाली गली: क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा, जिसकी लागत 12.50 लाख रुपये है। वार्ड क्रमांक 8 गर्ल्स छात्रावास के सामने: सीसी रोड निर्माण कार्य किया जाएगा। इसकी लागत 18 लाख 57 हजार रुपये है। वार्ड क्रमांक 13 नवल मोहल्ला, गंज, सीहोर: क्षेत्र में सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 37 लाख रुपये है। इससे क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी। वार्ड क्रमांक 22 विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण: शीतला माता मंदिर से राधेश्याम विश्वकर्मा के घर तक, साहूजी के घर से दीपक के घर तक तथा श्री मोहन राठौर के घर से अनिकेत सोनी के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य किया जाएगा। इन कार्यों की कुल लागत 17 लाख 80 हजार रुपये है। इन प्रमुख विकास कार्यों के अतिरिक्त बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। सभी 39 विषयों पर सहमति बनने से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि हमारा लक्ष्य सीहोर शहर का सर्वांगीण विकास करना और प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शहर के विकास में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य के साथ नगर पालिका द्वारा विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। पीआईसी की बैठक में सभी 39 विषयों पर सहमति बनना शहर के विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता है। नगर पालिका का प्रयास है कि नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए और शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाया जाए।


Post a Comment

0 Comments