44 करोड़ रुपये से इंदौर नाके से गणेश मंदिर और रेलवे स्टेशन तक बनेगी फोरलेन सीसी रोड लोक निर्माण विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया, करीब 4 किलोमीटर मार्ग का होगा निर्माण, श्रद्धालुओं और हजारों क्षेत्रवासियों को मिलेगी आवागमन में राहत सीहोर में विकास की रफ्तार इंदौर नाके गणेश मंदिर से रेलवे स्टेशन तक 44 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सीसी रोड, टेंडर प्रक्रिया शुरू लंबे इस मार्ग के बनने से श्रद्धालुओं और हजारों क्षेत्रवासियों को मिलेगी गड्ढों से मुक्ति


सीहोर। कस्बा रूपी शहर सीहोर के अब अच्छे दिन नजर आने लगे हैं और विकास को पंख लग गए हैं। शहर के इंदौर नाके से प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर, मठ मंदिर गजकेशरी कालोनी, प्रसिद्ध गणेश मंदिर चौराहा, लुनिया चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन ब्रिज तक आवागमन करने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। विधायक सुदेश राय की विशेष अनुशंसा पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है जिसके लिए 44 करोड रुपए का बजट भी पारित कर दिया है।



रोशनी होगी,ट्रैफिक से निजात

लंबे समय से जर्जर और बदहाल सड़क से परेशान क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को जल्द ही बेहतरीन आवागमन की सुविधा मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग पर करीब 44 करोड़ रुपये की लागत से लगभग चार किलोमीटर लंबी फोरलेन सीसी सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सड़क निर्माण के साथ-साथ आधुनिक विद्युतीकरण का कार्य भी शामिल है। बारिश के दिनों में इस मार्ग की स्थिति बेहद दयनीय हो जाती थी, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और खराब सतह के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम और हादसों का डर बना रहता था। अब फोरलेन सीसी सड़क के निर्माण से इस मार्ग की सूरत पूरी तरह बदलेगी और शहर का यातायात अधिक सुगम व सुरक्षित हो सकेगा। यह फोरलेन इंदौर नाके से शुरू होकर गणेश मंदिर चौराहा, शुगर फैक्ट्री चौराहा और लुनिया चौराहा होते हुए सीधे रेलवे ओवरब्रिज तक पहुंचेगी।


श्रद्धालुओं को होगा बड़ा फायदा

यह मार्ग सीहोर शहर का एक बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो शहर को प्रमुख धार्मिक स्थलों और रेलवे स्टेशन से जोड़ता है। प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर और प्रसिद्ध गणेश मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के अलावा प्रतिदिन इस रास्ते से गुजरने वाले आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क के बेहतर होने से वाहन चालकों को आवाजाही में खासी सहूलियत होगी और विशेषकर त्योहारों व धार्मिक आयोजनों के दौरान लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।


विधायक राय ने जो कहा वह किया

 विधायक सुदेश राय के विशेष प्रयासों से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर नाके से स्टेशन ब्रिज तक फोरलेन सीसी सड़क और विद्युतीकरण के लिए 44 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की थी। अब पीडब्ल्यूडी द्वारा टेंडर प्रक्रिया आगामी दिनों में किए जाने के बाद परियोजना के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है। आगामी दिनों में निर्माण कार्य शुरू होने पर शहर के इस हिस्से की तस्वीर बदलनी तय मानी जा रही है।


मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी


इंदौर नाके से गणेश मंदिर और रेलवे स्टेशन ब्रिज तक का यह इलाका पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकसित हुआ है। सड़क के आसपास नई कॉलोनियों का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे यहां की आबादी और आवाजाही दोनों में भारी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में एक चौड़ी और मजबूत सड़क की दरकार लंबे समय से महसूस की जा रही थी। फोरलेन सीसी सड़क बनने से न सिर्फ स्थानीय रहवासियों को बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी। 


महानगर की तरह मिलेगी सुविधा


अब शहरवासियों की निगाहें टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और जल्द से जल्द जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं।

मठ मंदिर गजकेशरी कालोनी के निवासी राधेश्याम और गणेश मंदिर के पास रहने वाले राकेश वर्मा ने बताया कि हम लोग स्थानीय निवासी है, वर्तमान में इंदौर नाका से गणेश मंदिर तक का मार्ग काफी जर्जर, संकरा है और यहां रात के समय रोशनी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। अंधेरा होने के कारण इस मार्ग से लोग मंदिर की तरफ जाने से कतराते हैं। यदि यहां फोरलेन सीसी रोड बन जाती है, तो हम सभी क्षेत्रवासियों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बहुत बड़ी सुविधा मिल जाएगी। 


Post a Comment

0 Comments