सीहोर। मध्य प्रदेश मीडिया संघ के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने अपनी नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस अवसर पर भोपाल नाका स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने रासा रेस्टोरेंट में भव्य पत्रकार संवाद एवं कार्यकारिणी घोषणा समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती एवं वरिष्ठ पत्रकार शैलेश तिवारी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश मीडिया संघ के प्रदेश अध्यक्ष जयवंत ठाकरे ने की।
इस दौरान जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों के बीच सार्थक संवाद हुआ। मंचासीन अतिथियों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए पत्रकारों की भूमिका, जिम्मेदारियों एवं उनके हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार व्यक्त किए।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाएंगे। पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर चलने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में मध्य प्रदेश मीडिया संघ के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ।
इस अवसर पर डॉ. गगन नामदेव, वरिष्ठ पत्रकार महेश मेवाड़ा, जिला दवा संघ अध्यक्ष उमेश शर्मा, सचिव नरेश वर्मा, ब्राह्मण समाज जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, प्रवीण तिवारी, राजेश मोहन शर्मा, जयंत दासवानी, वरिष्ठ पत्रकार विनय भटेले, प्रदीप वशिष्ठ, पूर्व अध्यक्ष विमल राय, दिनेश तिवारी, देवी प्रसाद व्यास, अनिल जाबारिया, धर्मेंद्र राय, दिनेश नागर, खालिद खान, शुभम चौरसिया, हिमालय गोहिया, प्रदीप चावड़ा, कैलाश चव्हाण, हेमंत त्रिपाठी, राजकुमार मेवाड़ा, शरद शर्मा, जितेंद्र सिंह, सुरेंद्र राय एवं रवि पुष्पद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 Comments