अहमदपुर, सीहोर। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड सीहोर की ग्राम पंचायत अहमदपुर स्थित सामुदायिक भवन में सावित्री बाई फुले आजीविका संकुल स्तरीय संघ अहमदपुर एवं शिव शक्ति आजीविका संकुल स्तरीय संघ चरनाल की संयुक्त साधारण सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की दीदियों, ग्राम संगठनों के अध्यक्षों एवं सचिवों, संकुल स्तरीय संघों के पदाधिकारियों तथा सीआरपी दीदियों सहित कुल 265 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मांगीलाल मंझेड़ा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ललता प्रसाद दांगी, ग्राम पंचायत अहमदपुर के सरपंच आशीष, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक अहमदपुर के शाखा प्रबंधक कमल किशोर सोनी, बैंक ऑफ इंडिया चरनाल के शाखा प्रबंधक नीरज, जनपद पंचायत सीहोर के ब्लॉक प्रबंधक जे.एस. गोयल तथा सहायक ब्लॉक प्रबंधक रामभरोस बिजावत एवं मनोहर मालवीय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रबंधक जे.एस. गोयल ने आजीविका मिशन के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सहायक ब्लॉक प्रबंधक रामभरोस बिजावत ने स्व-सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों के संचालन, उनके दायित्वों और समूहों को मजबूत बनाने के संबंध में विस्तार से बताया।
सभा का मुख्य आकर्षण दोनों संकुल स्तरीय संघों की पांच-पांच लखपति दीदियों द्वारा अपनी सफलता की कहानियां साझा करना रहा। दीदियों ने बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर नियमित बचत, ऋण सुविधा और विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने अपनी आय में वृद्धि की तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की। उनकी सफलता की कहानियों ने अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने और लखपति दीदी बनने के लिए प्रेरित किया।
विधायक प्रतिनिधि मांगीलाल मंझेड़ा ने महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण में आजीविका मिशन की भूमिका की सराहना की। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ललता प्रसाद दांगी ने महिलाओं को संगठित रहकर आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। वहीं सरपंच आशीष ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में स्व-सहायता समूहों के योगदान की प्रशंसा की।
मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक अहमदपुर के शाखा प्रबंधक कमल किशोर सोनी एवं बैंक ऑफ इंडिया चरनाल के शाखा प्रबंधक नीरज ने बैंकिंग योजनाओं, स्व-सहायता समूहों को उपलब्ध ऋण सुविधाओं तथा व्यक्तिगत ऋण लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाकर अपनी आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया।
साधारण सभा में दोनों संकुल स्तरीय संघों के कार्यों की समीक्षा करने के साथ समूहों एवं ग्राम संगठनों को सशक्त बनाने, वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देने और महिलाओं की आय में वृद्धि के प्रयासों को गति देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, सफल आजीविका गतिविधियों का प्रसार करना तथा अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

0 Comments