विकसित भारत युवा संसद-2027 में भाग लेने के लिए युवा 30 अक्टूबर तक करें आवेदन

सीहोर, 22 अक्टूबर 2026      युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, सार्वजनिक मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नीति-निर्माण प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा संसद 2027 का आयोजन किया जा रहा है। आठवें संस्करण का आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रखा गया है। इसमें भाग लेने के इच्छुक पात्र युवा 30 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

     प्रतियोगिता में 17 अगस्त 2026 तक 18 से 25 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भाग ले सकते हैं। इसमें विद्यार्थी और गैर-विद्यार्थी दोनों आवेदन के पात्र हैं। ग्रामीण युवाओं, महिलाओं तथा वंचित वर्गों के युवाओं को भी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पूर्व के युवा संसद संस्करणों के राष्ट्रीय दौर के फाइनलिस्ट इस प्रतियोगिता के लिए पात्र नहीं होंगे।

तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता

    प्रतियोगिता का पहला चरण जिला स्तर पर 31 अक्टूबर से 10 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी एवं तीसरा चरण्‍ राष्ट्रीय दौर 9 एवं 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन (पुरानी संसद) में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक जिले से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय चरण के लिए तथा प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश से तीन विजेताओं का चयन राष्ट्रीय दौर के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय दौर में कुल 108 प्रतिभागियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।

तीन मिनट में प्रस्तुत करना होगा प्रभावशाली भाषण

   प्रतिभागियों को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर तीन मिनट का भाषण देना होगा। भाषण हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी आधिकारिक क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुत किया जा सकेगा। निर्णायक मंडल द्वारा मौखिक संवाद एवं देहभाषा, विषय की प्रासंगिकता, नवाचार, रचनात्मकता, स्पष्टता, भाषा-प्रवाह और निर्धारित समय-सीमा के पालन के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

    इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर अपने अकाउंट से लॉगिन करें। इसके बाद डैशबोर्ड के Events सेक्शन में जाकर ‘Volunteer for Bharat’ विकल्प चुनें और ‘Viksit Bharat Youth Parliament 2027’ कार्यक्रम का चयन कर आवश्यक जानकारी भरते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 है।

जिले के पात्र युवाओं से अपील है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर इस राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त करें।

Post a Comment

0 Comments