ग्राम महोड़िया के विद्यालय में हिंदी पखवाड़ा आयोजित हिंदी भाषण, निबंध लेखन और मुहावरा अभिनय के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा


सीहोर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, सीहोर द्वारा हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत ग्राम महोड़िया के विद्यालय में हिंदी भाषा संवर्धन एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी प्रशंका जैन ने विद्यार्थियों को राजभाषा हिंदी के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए शिक्षा, बौद्धिक विकास एवं व्यावसायिक जीवन में हिंदी की उपयोगिता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग तथा अपनी अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के दौरान मुहावरा अभिनय, ‘विकसित भारत’ विषय पर हिंदी भाषण एवं निबंध लेखन जैसी रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।


इस अवसर पर विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नियमित रूप से शिक्षा जारी रखने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा।



Post a Comment

0 Comments