अखाड़े में दांव चला तो विरोधी चित, वैदिक ने जीता गोल्ड और बनाया नेशनल का रास्ता उज्जैन की राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में लुर्द माता हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र का शानदार प्रदर्शन


सीहोर। सीहोर के युवा पहलवान वैदिक चौहान ने राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। उज्जैन के क्षीर सागर खेल एरिना में 15 से 18 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में वैदिक ने अपने भार वर्ग में बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही उन्होंने आगामी राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।


वैदिक चौहान लुर्द माता हायर सेकेंडरी स्कूल, सीहोर के छात्र हैं। प्रतियोगिता में उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ मुकाबले किए और अपने प्रदर्शन से निर्णायकों एवं खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।


भोपाल संभाग से 19 खिलाड़ी मैदान में उतरे


दल प्रबंधक डॉ. अकबर सिद्दीकी ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल संभाग की ओर से भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर और राजगढ़ जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया। संभागीय दल में 9 बालक, 10 बालिकाएं और 5 प्रशिक्षक शामिल रहे। खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कोच और स्कूल स्टाफ ने बढ़ाया हौसला


प्रतियोगिता के दौरान सीहोर जिले के कोच लोकेश परमार और मैनेजर प्रभुदास तिर्की ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं लुर्द माता हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर कृपा और स्पोर्ट्स टीचर मोनिश त्रिवेदी ने वैदिक चौहान को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।


उन्होंने कहा कि वैदिक की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन सुनिश्चित होने पर सभी ने वैदिक को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।



Post a Comment

0 Comments