सीहोर। सीहोर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड, सीहोर की 43वीं वार्षिक साधारण आमसभा रविवार, 20 सितंबर 2026 को स्थानीय पार्वती पैलेस, तहसील चौराहा में उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। आमसभा की अध्यक्षता बैंक के प्रशासक श्री सुधीर कैथवास ने की। इस अवसर पर ऑडिट ऑफिसर श्री सुनील सक्सेना, वरिष्ठ सहायक निरीक्षक श्री रंजीत रैकवार, बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री कैलाश अग्रवाल, पूर्व प्रबंधक श्री उमेश शर्मा सहित अंशधारी सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद शाखा प्रबंधक श्री अजय तिवारी ने बैंक का वार्षिक प्रतिवेदन एवं आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। वरिष्ठ कम्प्यूटर ऑपरेटर श्री श्याम दयाल मेहता ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के वित्तीय पत्रक एवं बैंक की प्रगति के आंकड़े सदस्यों के समक्ष रखे। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा लगातार लाभ अर्जित किया जा रहा है और वित्तीय वर्ष में बैंक ने 35.99 लाख रुपये का लाभ अर्जित किया है।
आमसभा में प्रस्तुत प्रस्तावों पर सदस्यों की स्वीकृति एवं सहमति के बाद शुद्ध लाभ के विभाजन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान ऑडिट ऑफिसर श्री सुनील सक्सेना ने अंशधारकों को 8 प्रतिशत लाभांश वितरित किए जाने की घोषणा की। लाभांश की घोषणा से अंशधारकों में खुशी का माहौल रहा।
बैठक में पूर्व संचालक श्री सुरेशचंद्र वशिष्ठ ने वर्ष 2027-28 का अनुमानित आय-व्यय बजट प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शाखा प्रबंधक श्री सुनील भालेराव ने किया। अंत में प्रभारी महाप्रबंधक श्री राजेश पुरोहित ने आमसभा में उपस्थित सभी अंशधारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments