भारतीय स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन के अमृत महोत्सव में 75 वर्ष पूर्ण करने वाले सदस्यों का सम्मान आमसभा में वृद्धावस्था में स्वास्थ्य, बीमा और साइबर सुरक्षा को लेकर दी जानकारी शाल-श्रीफल, सम्मान पत्र और पुष्पहार से किया सम्मान, दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि


सीहोर। भारतीय स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन की सीहोर इकाई के तत्वावधान में अमृत महोत्सव कार्यक्रम एवं वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स का सम्मान किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने वृद्धावस्था में सुखी और सुरक्षित जीवन के लिए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, उचित देखभाल, सक्रिय दिनचर्या, बीमा से संबंधित आवश्यक जानकारी तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में भोपाल सर्किल के महासचिव जीके गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इंदौर से मुकुल चंद्र त्रिपाठी, विजय रांगणेकर, मनोहर लालवानी तथा भोपाल से एपी खरे, ज्ञान सक्सेना, केएल भारती सहित एसबीआई सीहोर के मुख्य प्रबंधक राघवेन्द्र प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। सीहोर इकाई के सचिव रघुनाथ सिंह वर्मा एवं कोषाध्यक्ष गिरजेश शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

दिवंगत साथियों और परिवार के सदस्यों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत में पिछली आमसभा के बाद दिवंगत हुए दो साथियों एवं छह परिवार सदस्यों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वर्गीय श्री चौरसिया की स्मृति में उनके परिवार की ओर से उपस्थित सदस्यों को फोल्डर वितरित किए गए। वहीं सीहोर इकाई के अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल की पत्नी स्वर्गीय श्रीमती त्रिवेणी देवी रानी अग्रवाल की स्मृति में उनके परिवार की ओर से उपस्थित सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

75 वर्ष पूर्ण करने वाले पेंशनर्स का सम्मान

अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सदस्यों का विशेष सम्मान किया गया। इस दौरान निर्मला कुमरे, श्रीमती इंद्रा शर्मा, कुसुम बासल, एसएम हुसैन, मोहन रैकवार, अशोक बरेठा, कैलाश सोनी, नरेश माथुर, वीरेंद्र सिंह चंद्रवंशी और महेश चंद्र तिवारी का शाल, श्रीफल, सम्मान पत्र एवं पुष्पहार से सम्मान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 75 वर्ष की आयु जीवन के अनुभव और उपलब्धियों का महत्वपूर्ण पड़ाव है। संगठन द्वारा वरिष्ठ पेंशनर्स के सम्मान की यह परंपरा उन्हें सामाजिक रूप से सक्रिय बनाए रखने और उनके अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

बीमा पॉलिसी की जानकारी परिवार के पास सुरक्षित रखना जरूरी

कार्यक्रम में अतिथि मदन किशोर जैन ने पेंशनर्स और उनके परिवारों को बीमा पॉलिसी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेंशनर के बीमा पॉलिसी के कार्ड और उससे संबंधित जरूरी दस्तावेजों को परिवार के संज्ञान में सुरक्षित रखना चाहिए, ताकि आकस्मिक स्थिति में संबंधित दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें और उनका समय पर उपयोग किया जा सके। वक्ताओं ने वृद्धावस्था में स्वास्थ्य का ध्यान रखने के साथ नियमित गतिविधियों में सक्रिय रहने, आवश्यक दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने और वित्तीय मामलों में सावधानी बरतने की सलाह दी। साइबर अपराधों से बचने के लिए अनजान फोन कॉल, लिंक, ओटीपी और संदिग्ध संदेशों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी भी दी गई।

अतिथियों और सहयोगियों का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान सीहोर इकाई के अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल ने सभी अतिथियों, पेंशनर्स सदस्यों एवं उपस्थित परिवारजनों का स्वागत किया। संगठन की गतिविधियों में विशेष सहयोग देने वाले मनोज दीक्षित मामा एवं सुभाष चंद्र दुबे का भी सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि जीके गांधी की 91 वर्ष की आयु के बावजूद संगठन के सदस्यों के हित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई। उपस्थित सदस्यों ने उनके अनुभव और सक्रियता को प्रेरणादायक बताया। आमसभा के दौरान पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। संगठन की गतिविधियों, सदस्यों की समस्याओं और उनके हितों से संबंधित विषयों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। वरिष्ठ सदस्यों ने संगठन की एकजुटता और आपसी सहयोग को बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सीहोर इकाई के सहसचिव जीएस सिसोदिया ने किया। व्यवस्था में गिरजेश शर्मा, बृजेश पालीवाल, अशोक बरेठा सहित अन्य साथियों का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर आरसी व्यास, नम्रता गुप्ता, बृजेश पालीवाल, गिरजेश शर्मा, अशोक बरेठा, महेश तिवारी, आरजी प्रजापति, कैलाश सोनी, राजेश रायकवार, सतीश डावरे, रमेश वर्मा, मनोहर बोयत, महेंद्र दिसोरिया, हरिनारायण शर्मा, रामनारायण वर्मा, धनराज साहू, एमके माथुर, ओपी राजपूत, कैलाश चंद्रवंशी, विक्रम राठौर, डीके दीक्षित, एसपी शर्मा, कुसुम बासल, श्रीमती इंद्रा शर्मा, श्रीमती कुमरे सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं परिवारजन उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments