सीहोर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस को 10 वर्ष के लिए स्वायत्त महाविद्यालय का दर्जा

सीहोर, 30 सितम्बर 2026  सीहोर स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने स्वायत्त महाविद्यालय का दर्जा प्रदान किया है। यूजीसी ने 6 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में स्थायी समिति की अनुशंसा पर यह निर्णय लिया है।


      यूजीसी के अनुसार महाविद्यालय को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 2035-36 तक 10 वर्ष की अवधि के लिए स्वायत्त दर्जा प्रदान किया गया है। महाविद्यालय बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल से संबद्ध है। यूजीसी ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को नियमानुसार 30 दिवस के भीतर स्वायत्त दर्जा प्रदान किए जाने संबंधी आवश्यक अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं।


      स्वायत्त दर्जा प्राप्त होने के बाद महाविद्यालय को यूजीसी के स्वायत्त महाविद्यालयों से संबंधित नियमों एवं दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। महाविद्यालय द्वारा नए डिग्री कार्यक्रम, प्रमाण-पत्र एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए संबंधित वैधानिक परिषद की आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। साथ ही महाविद्यालय को एनएएसी/एनबीए मान्यता संबंधी आवश्यक प्रक्रिया भी निर्धारित समयावधि में पूरी करनी होगी।


      यूजीसी ने महाविद्यालय को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा यूजीसी के UTSAH पोर्टल और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) पोर्टल पर आवश्यक जानकारी एवं क्रेडिट अपलोड करने के निर्देश भी दिए हैं।

Post a Comment

0 Comments