टैलेंट इनोवेटिव स्कूल में स्वच्छता जन जागरूकता कार्यक्रम संपन्न बच्चों को सिखाए हाथ धोने के सही तरीके, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण की दी जानकारी


आष्टा। नगर के सेमनरी रोड स्थित टैलेंट इनोवेटिव स्कूल (टैलेंट हायर सेकेंडरी स्कूल) में मंगलवार, 8 सितंबर को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका परिषद आष्टा की जन जागरूकता टीम एवं सहयोगी संस्था यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।


कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हाथ धोने के सही एवं वैज्ञानिक तरीके के साथ-साथ कचरे को स्रोत पर ही गीले और सूखे कचरे के रूप में अलग-अलग करने की जानकारी दी गई। जन जागरूकता टीम ने स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए बताया कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे शहर के विकास और बेहतर वातावरण के लिए भी आवश्यक है।


इस दौरान देश में स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी शहर इंदौर के स्वच्छता प्रबंधन, योजनाओं एवं प्रयासों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को आष्टा को भी स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।


विद्यालय के प्राचार्य सुदीप जायसवाल ने वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान के तहत किए जा रहे प्रयासों एवं इसके सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनाना होगा। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय की शिक्षिका विश्रांति गुप्ता एवं नन्हे छात्र-छात्राओं द्वारा हाथ धोने के सभी वैज्ञानिक चरणों का प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने हाथ धोने की सही प्रक्रिया सीखी तथा इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद आष्टा की जन जागरूकता टीम लीडर राजकुमार अकेला, कचरा वाहन प्रभारी विनय सिंह, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई संचालक राजेंद्र सिंह पंवार, सहयोगी अनीश सोलंकी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments