किसानों ने किया अनोखा प्रदर्शन कुलांस नदी में लापरवाह विद्युत अधिकारियों के पुतले बहाने हेतु पेड़ से लटकाये पुतले


सीहोर। जिले में विद्युत व्यवस्था की समस्याओं और अधिकारियों की कथित लापरवाही के विरोध में छोटी कु लांस के जीवन लाल वर्मा का नेतृत्व में किसानों ने अनोखा प्रदर्शन किया। कुंलास खुर्द, बिलकिसगंज, ढाबला, रामाखेड़ी, चंदेरी, बरखेड़ी, छोटी कुलंास, बड़ी कुलांस, भांडेली, बरबेली, श्यामपुर, खमरिया, संग्रामपुर सहित कई गांवों के किसानों ने बरसात के दौरान उफनती कुलांस नदी के किनारे पेड़ों पर विद्युत मंडल के पुतले लटकाकर विरोध जताया। किसानों का कहना है कि गांवों में बिजली के तार लंबे समय से झूल रहे हैं और उन्हें समय पर दुरुस्त नहीं किया जा रहा। कई गांवों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की जरूरत है। विशेष रूप से कुलंास खुर्द में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

जीवन लाल वर्मा ने बताया कि बिजली समस्याओं को लेकर वे पहले भी कई बार शिकायतें और ज्ञापन दे चुके हैं। सीहोर से लेकर भोपाल स्थित एमडी कार्यालय, मुख्यमंत्री निवास तथा ऊर्जा मंत्री, प्रभारी मंत्री और अन्य संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

-------------------------------

कुलांस नदी के जरिए मुख्यमंत्री तक आवाज पहुंचाने का संदेश

किसानों ने पुतलों के साथ एक अनोखा बैनर भी लगाया है, जिसमें कुलांस नदी से अपनी आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की अपील की गई है। किसानों का कहना है कि कुलांस नदी आगे जाकर भोपाल तालाब में मिलती है और भोपाल तालाब के किनारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का निवास स्थित है। किसानों ने प्रतीकात्मक रूप से नदी से अपील की कि वह तेज बाढ़ के पानी के साथ इन पुतलों को भोपाल तालाब तक ले जाए, ताकि उनकी आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचे।

जीवन लाल वर्मा का आरोप है कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। किसानों ने मांग की है कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कर उन्हें तत्काल हटाया जाए और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि वे भविष्य में भी अनोखे और लोकतांत्रिक तरीकों से अपना विरोध दर्ज कराते रहेंगे।

रमेश चन्द्र वर्मा, प्रीतम, रामस्वरूप सहित बड़ी संख्या मातृशक्ति उपस्थित रही।


Post a Comment

0 Comments