सीहोर, 11 अगस्त 2026     हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सीहोर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में तिरंगा रंगोली निर्माण एवं देशभक्ति आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.रोहिताश्व कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता के मूल्य तथा प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्राप्त इस स्वतंत्रता की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

  कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने “हर घर तिरंगा” एवं राष्ट्रभक्ति की थीम पर आकर्षक तिरंगा रंगोलियों का निर्माण किया और तिरंगे के महत्व, स्वतंत्रता के मूल्य तथा नागरिकों की भूमिका पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में डॉ. उदय डोलस, डॉ. शीलचन्द्र गुप्ता, डॉ. आमिर एजाज एवं डॉ. कमलेश अहिरवार सहित एनसीसी एवं एनएसएस के विद्या‍र्थी शामिल हुए।