सीहोर, 11 अगस्त, 2026 शासन के निर्देशानुसार ई-विकास के स्थान पर हाइब्रिड मोड से उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। जिन किसानों ने पहले ई-विकास के माध्यम से उर्वरक खरीदा और फिर बाद में पीओएस मशीन से भी उर्वरक खरीदकर भण्डारण कर लिया है। इस प्रकार के 10 बोरी से अधिक यूरिया खरीदने वाले किसानों का विभागीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जा रहा है। जिन किसानों ने अधिक मात्रा में यूरिया खरीदा है उन्हें कारण बताना अनिवार्य होगा। जो किसान और उर्वरक विक्रेता अनावश्यक रूप से उर्वरक का भंडारण कर रहें हैं, उन पर कार्यवाही की जाएगी।
कृषि उप संचालक श्री अशोक उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष अलनीनो के प्रभाव के दृष्टिगत रबी सीजन में गेहूं की बोनी कम होने की संभावना है। वर्षा की कमी को देखते हुए रबी में चना एवं सरसों आदि फसलों का रकबा अधिक होना संभावित है। इन फसलों में गेहूं के अपेक्षाकृत कम मात्रा में नत्रजन की आवश्यकता होती है। इसलिए किसानों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से उर्वरक विशेषकर यूरिया का भण्डारण ना करें।
0 Comments