मेजर ध्यानचंद जयंती पर खेल दिवस का आयोजन, खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल


सीहोर। मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में सीहोर हॉकी संघ एवं मास्टर गेम एसोसिएशन हॉकी फीडर सेंटर, सीहोर द्वारा खेल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नव नियुक्त एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने मेजर ध्यानचंद जी के जीवन एवं उनकी खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी एवं कई उपयोगी टिप्स दिए तथा उनका मनोबल बढ़ाया। होमगार्ड से महेन्द्र वर्मा, कंपनी कमांडेंट श्री चन्देरिया ने भी खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देते हुए उन्हें खेल के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। एसोसिएशन की ओर से उपस्थित अतिथियों का सम्मान किया गया। साथ ही खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


कार्यक्रम में खेल अधिकारी रूबिका दिवान, महेन्द्र वर्मा, श्री चन्देरिया, सीहोर हॉकी संघ के अध्यक्ष राजीव गुजराती, संरक्षक अखिलेश राय, मास्टर गेम एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. अनीस खान, पूर्व ओलंपियन राजाराम बड़े भाई, पूर्व पार्षद शमीम अहमद, कोच अफशा अहमद, रसूल सिद्दिकी, युवा समन्वयक प्रमोद सिंह उईके, आमीर खान सहित अन्य गणमान्यजन एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में कोच आर.ए. सिद्दिकी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।



Post a Comment

0 Comments