शिक्षकों की लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग, प्रांतीय शिक्षक संघ परिवार ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन


सीहोर, 4 अगस्त। प्रांतीय शिक्षक संघ परिवार, जिला सीहोर के प्रतिनिधि मण्डल द्वारा जिले के शिक्षकों की लंबे समय से लंबित विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि राज्य शिक्षा केंद्र निर्देशानुसार बी.ए.सी. एवं जनशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति संबंधी काउंसलिंग के स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं आदेशानुसार आज दिनांक जारी जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय के पत्र में विभाग द्वारा पूर्ण रिक्त पद नहीं बताए गए हैं, जिससे जिले के शिक्षकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। अत: स्पष्ट आदेश जारी कर नियमानुसार प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया संपन्न कराई जाए।

 वर्ष 2014 में नियुक्त प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों की 12 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर क्रमोन्नति (समयमान वेतनमान) के आदेश तत्काल जारी किए जाएँ।

संघ ने वर्ष 2021 भर्ती के शिक्षकों के लंबित एरियर का तत्काल भुगतान करने तथा जुलाई माह से देय नियमित क्क.ढ्ढ.ष्ट. (वार्षिक वेतनवृद्धि) का लाभ प्रदान करने की भी मांग की। इसके अतिरिक्त वर्ष 2013 में नियुक्त शिक्षकों के 12 वर्षीय क्रमोन्नति आदेश का लाभ जिन संकुल केंद्रों पर अब तक दर्ज नहीं किया गया है, उन्हें तत्काल दर्ज करते हुए सभी पात्र शिक्षकों को लंबित क्रमोन्नति एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।

प्रांतीय शिक्षक संघ परिवार ने कहा कि यदि इन लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो जिले के शिक्षकों में असंतोष और बढ़ेगा तथा संगठन आगामी रणनीति बनाने के लिए बाध्य होगा।

संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिक्षक हित में सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया, जिससे वर्षों से लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष संजय सक्सेना, प्रदीप नागिया, अर्जुन सिंह मेवाड़ा, महेश मालवीय, बद्री प्रसाद वर्मा, राजेश तिवारी, राजेन्द्र परमार, जितेन्द्र सेन, नरेश मेवाड़ा, अखिलेश इटावदिया, राजेन्द्र मालवीय, राजेश सेन, राकेश किलादिया, लखन महेश्वरी सहित प्रांतीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मण्डल के सदस्य उपस्थित थे।



Post a Comment

0 Comments