सीहोर, 27 अगस्त 2026 युवाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करने वाली इंडिया स्किल्स 2026-27 प्रतियोगिता के लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवा 15 सितंबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। इंडिया स्किल्स देश की सबसे बड़ी कौशल प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें युवा अपनी प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन कर देश-विदेश में अपनी पहचान बना सकते हैं। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर चरणबद्ध रूप से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष प्रतियोगिता में 63 स्किल्स में कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता का कोई बंधन नहीं है। पात्रता के लिए संबंधित स्किल के अनुसार प्रतिभागी की आयु 1 जनवरी 2006 के बाद की होना आवश्यक है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवा स्किल इंडिया डिजिटल हब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। प्रतियोगिता में पंजीयन एवं भागीदारी पूर्णतः निःशुल्क है। जिला स्तर पर अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक युवा शासकीय आईटीआई, सीहोर से संपर्क कर सकते हैं। संस्था द्वारा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में पंजीयन कर अपने कौशल का प्रदर्शन करने की अपील की गई है।
0 Comments