सीहोर, 10 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टीएल बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार निर्धारित शिविरों में अनिवार्य रूप से पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका मौके पर ही अथवा समय-सीमा में त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने जनविश्वास भ्रमण अभियान के दौरान मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं की स्थिति एवं नागरिकों की समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनविश्वास भ्रमण अभियान में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टीएल बैठक के दौरान जिले में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत खाद्यान्न का उठाव एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राशन दुकानों एवं खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। सत्यापन के दौरान अपात्र पाए गए राशन हितग्राहियों के नाम नियमानुसार हटाए जाएं तथा पात्र परिवारों के नाम जोड़ने की कार्रवाई समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राही शासन की खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहें और अपात्र व्यक्ति योजना का अनुचित लाभ न उठा सके, इसके लिए राशन पोर्टल एवं हितग्राही सूची को लगातार अद्यतन रखा जाए।
कलेक्टर ने जिले में खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद वितरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खाद वितरण केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था रखने और किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक पात्र असंगठित श्रमिकों को योजना से जोड़ा जाए और उन्हें योजना के लाभ एवं पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों को मैदानी स्तर पर जागरूकता एवं पंजीयन गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर श्री बृजेश सक्सेना, संयुक्त कलेक्टर श्री रविंद्र परमार, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम सिंह गौंड सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
निरंतर वर्षा को लेकर कलेक्टर ने दिये निर्देश
जिले में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने टीएल बैठक के दौरान सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में वर्षा की स्थिति को देखते हुए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नदी-नालों, पुल-पुलियों एवं रपटों पर पानी होने की स्थिति में आवागमन तत्काल बंद कराया जाए। किसी भी व्यक्ति को पानी के तेज बहाव के बीच से निकलने की अनुमति न दी जाए। ऐसे स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन के लिए रोका जा सके और किसी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।
उन्होंने बाढ़ अथवा अन्य आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान होने पर राहत प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि प्रभावित परिजनों एवं पीडि़तों को समय पर शासन की राहत राशि एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा के दौरान जलभराव एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब किए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
हर घर तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की हो सहभागिता
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जिले के अधिक से अधिक नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को अभियान के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने और तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए। कलेक्टर ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कार्यक्रम में विभाजन के दौरान विस्थापन एवं पीड़ा झेलने वाले लोगों की स्मृतियों को सम्मानपूर्वक याद करने और आमजन को इतिहास की जानकारी देने के निर्देश दिए।
सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक होने वाली कांवड़ यात्रा के संबंध में निर्देश
आगामी 25 अगस्त को सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, नदीघाट पर गोताखोर, नाव और होमगार्ड जवान की तैनाती सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया। उन्होंने कांवड़ यात्रा का सुचारू एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
.jpeg)
0 Comments