सीहोर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शहर के सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प वृद्धाश्रम एवं नशा मुक्ति केंद्र में शुक्रवार को आस्था, स्नेह और सेवा भाव के साथ पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर वृद्धजनों एवं केंद्र में निवासरत हितग्राहियों के लिए खीर-पूड़ी, मिठाई सहित विशेष भोजन-प्रसादी का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्र के संचालक राहुल सिंह सहित श्रद्धा भक्ति सेवा समिति और संस्कार मंच के पदाधिकारी एवं सहयोगी मौजूद रहेंगे।
गुरुवार को संकल्प नशा मुक्ति केंद्र में वरिष्ठ नागरिकता दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्र संचालक राहुल सिंह ने कहा कि बुजुर्ग माता-पिता की सेवा करना भगवान की पूजा-अर्चना के समान है। उनके आशीर्वाद से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और उनकी सेवा का पुण्य जीवनभर मिलता है। समाज में बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
बुजुर्गों के साथ बांटेंगे खुशियां
संस्कार मंच के प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर नशा मुक्ति केंद्र में रहने वाले हितग्राहियों के साथ वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को मिठाई का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा सभी के लिए खीर-पूड़ी सहित भोजन की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, स्नेह, आपसी विश्वास और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश देने वाला पर्व भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के साथ समय बिताना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची सेवा है। समिति एवं संस्कार मंच द्वारा समय-समय पर वृद्धजनों के बीच विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। शुक्रवार को भी रक्षाबंधन के अवसर पर बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से पर्व मनाकर उन्हें अपनेपन का अहसास कराया जाएगा।

0 Comments