सीहोर, 24 अगस्त 2026 सीहोर के शासकीय महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज में अनुसूचित जाति की छात्राओं के लिए कॉलेज लेवल काउंसलिंग के अंतर्गत निःशुल्क प्रवेश एवं अन्य छात्राओं को सशुल्क प्रवेश का अंतिम अवसर है। कॉलेज में अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में कॉलेज लेवल काउंसलिंग के माध्यम से 20 अगस्त से पुनः निःशुल्क प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रवेश प्रक्रिया नियमानुसार रिक्त सीटों के भरने तक अथवा 14 सितम्बर तक जो भी पहले हो तक संचालित रहेगी।
प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने बताया कि पात्र छात्राओं के लिए प्रवेश का यह एक उत्कृष्ट एवं अंतिम अवसर है। इच्छुक छात्राएं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन पंजीयन कराने के उपरांत कॉलेज लेवल काउंसलिंग में भाग लेकर रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकती हैं। कॉलेज में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट, डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। इस हेतु कक्षा 10वीं उत्तीर्ण छात्रायें प्रवेश हेतु पात्र है। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी संकाय सदस्य, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कॉलेज की छात्राओं का प्रतिवर्ष विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं निजी संस्थानों में चयन भी हो रहा है।
प्रवेश के समय छात्राओं को कक्षा 10वीं की अंकसूची, स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टी.सी.), जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। किसी भी छात्रा को पंजीयन या किसी भी प्रकार की कोई भी परेशानी आती है तो वह संस्था में उपस्थित होकर भी अपना पंजीयन करा सकती है।
0 Comments