सीहोर। सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, सीहोर में भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित "गुरु वंदन एवं छात्र अभिनंदन" कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करना तथा शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का अभिनंदन करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत विकास परिषद की महिला शाखा प्रमुख श्रीमती सुनीता सोनी, भारत विकास परिषद, शाखा सीहोर के अध्यक्ष "आर्य" रितेश राठौर, कोषाध्यक्ष अंकुश जैन, भारत विकास परिषद की शाखा संस्कार संयोजिका श्रीमती शोभा चांडक prime24 news के editor अरविंद गुप्ता तथा दिनेश वर्मा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया। वहीं सभी अतिथियों ने विद्यालय के शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती सुनीता सोनी ने कहा कि "गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। आज के विद्यार्थी ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। जीवन में सफलता का आधार मेहनत, अनुशासन और संस्कार हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएँ केवल सीहोर ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं, जो अत्यंत गर्व का विषय है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री सत्येंद्र शर्मा, प्राचार्या डॉ. विनीत गाबा, उप प्रबंधक श्री संदीप मौर्य, समस्त शिक्षकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री अमित दुबे ने किया। अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






0 Comments