सीहोर, 03 जुलाई, 2026 वर्षा काल को देखते हुए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा वर्षा के दौरान किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें। उन्होंने नागरिकों से कहा है कि रपटों, पुलों एवं पुलियों पर पानी होने की स्थिति में किसी भी परिस्थिति में रास्ता पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि वर्षा के दौरान नदी, नाले, तालाब, डैम, जलप्रपात (वॉटरफॉल) तथा अन्य जलस्रोतों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। इसलिए नागरिक ऐसे स्थानों पर पिकनिक मनाने अथवा घूमने जाने से बचें। उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे बच्चों को नदी, तालाब, नालों एवं अन्य जलाशयों में नहाने या खेलने के लिए जाने से रोकें तथा उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), तहसीलदारों, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के नदी-नालों, तालाबों, डेमों, रपटों, पुल-पुलियों, वॉटरफॉल एवं जलभराव वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी रखें। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सतर्कता बनाए रखने, लोगों को समय पर सचेत करने तथा आवश्यकता पड़ने पर जोखिम वाले क्षेत्रों से लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिलेवासियों से मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सावधानी ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है और सभी नागरिकों का सहयोग जन-धन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
0 Comments