सीहोर, 14 जुलाई, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कृषि, खाद्य, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की बैठक लेकर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन एवं किसानों से जुड़े सभी कार्यों में समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर एवं शत-प्रतिशत राशन प्रदान किया जाए। साथ ही सभी हितग्राहियों की ई-केवाईसी भी शीघ्र पूर्ण कराई जाए, जिससे किसी पात्र परिवार को राशन प्राप्त करने में परेशानी न हो।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने डीएपी, एनपीके सहित सभी उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को नियमानुसार ई-विकास पोर्टल से जारी टोकन के आधार पर ही उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि संतुलित उर्वरकों के उपयोग से ही मृदा की उर्वरक शक्ति लंबे समय तक बनी रह सकती है। उन्होंने किसानों के मृदा हेल्थ कार्ड बनाने तथा उसके आधार पर उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए भी प्रेरित करने को कहा।
उन्होंने मूंग उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं तथा किसानों को उपार्जन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा नही होनी चाहिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए अधिकारी खाद्य दुकानों का नियमित निरीक्षण करें और अनियमितताएं पाए जाने पर कार्रवाई करें। इसके साथ ही ऐसे मामलों में लगाए गए जुर्माने की समय पर वसूली भी की जाए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर्स एवं औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा नकली, अमानक अथवा एक्सपायरी दवाओं के विक्रय पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में कृषि उप संचालक श्री अशोक कुमार उपाध्याय, जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रेशमा भामोर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments