सीहोर। रविवार को शहर के बस स्टैंड के समीपस्थ नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के निवास पर नवनियुक्त ऋतु आनंद जैन का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहाकि पार्टी ने जो दायित्व दिया है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी। महिला मोर्चे को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेंगी। मप्र भाजपा महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे राजबाड़े ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से सीहोर जिला भाजपा महिला मोर्चे के जिला अध्यक्ष पद पर ऋतु आनंद जैन की नियुक्ति की घोषणा की। इस मौके पर श्रीमती सविता राठौर, श्रीमती सोनल राठौर, तारा कटारिया, सरोज ठाकुर, रेखा चौरसिया, सीमा परिहार, अर्चना चौहान आदि ने स्वागत किया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री राठौर ने कहाकि केन्द्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजना चला रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने उज्ज्वला, सुकन्या, जनधन, मुद्रा जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नारी शक्ति के सहयोग के साथ देश की विकास यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है। देश की नींव को मजबूत करने में नारी शक्ति की भूमिका की सराहना करते हुए कहा सभी क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। आज महिलाएं भारत की रक्षा और सुरक्षा संरचना का अभिन्न अंग बन चुकी हैं। इस सशक्तीकरण का लक्षित परिणाम महिलाओं के लिए ऐसे वातावरण का निर्माण करना है, जहां वे स्वतंत्र, सुरक्षित महसूस कर सकें और अपने पेशे को चुन सकें।

0 Comments