सीहोर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में इंदौर से भोपाल तक निकाली जा रही युवा स्वाभिमान यात्रा (साइक्लोथॉन) का मंगलवार को सीहोर नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं बड़ी संख्या में आमजन ने यात्रा का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। नगर में प्रवेश करते ही इंदौर नाका क्षेत्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह, नारों और जनसमर्थन से गूंज उठा।
यात्रा के स्वागत में जीसीबी मशीन से पुष्पवर्षा की गई। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के बीच जीतू पटवारी का स्वागत किया गया। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पुष्पहार पहनाकर उनका अभिनंदन किया। पूरे मार्ग पर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल होते चले गए।
आमसभा में सरकार पर तीखे हमले
यात्रा के पश्चात कोतवाली चौराहे पर आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा आज सबसे अधिक उपेक्षित है। सरकार रोजगार देने के अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण लाखों शिक्षित युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डिग्रियां लेकर युवा रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं और वादों तक सीमित है। युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें अपने अधिकारों के लिए सडक़ों पर उतरना पड़ रहा है।
पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा
जीतू पटवारी ने सरकारी भर्तियों में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों और अनियमितताओं को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता समाप्त हो चुकी है और भ्रष्टाचार ने युवाओं के सपनों को तोडऩे का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में घोटालों और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जबकि सरकार इन मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने में असफल रही है।
कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए पटवारी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है और आमजन स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रदेश का युवा रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जवाब चाहता है।
अलीबाबा चालीस चोर की सरकार बताया
अपने संबोधन के दौरान जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार अलीबाबा और चालीस चोर की सरकार बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और युवा इस परिवर्तन का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रदेशभर में युवाओं की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं और युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
युवा स्वाभिमान यात्रा के सीहोर आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। यात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं आम नागरिक शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए यात्रा के साथ चलते रहे। सभा स्थल पर भी भारी भीड़ मौजूद रही, जिससे पूरा वातावरण कांग्रेस के समर्थन में नारों से गूंजता रहा।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस मौके प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, महेश परमार, सचिन यादव, यश घनघोरिया, आशुतोष चौकसे, विपिन बानखेड़े, रीना सौफिया, राजकुमार पटेल, जयश्री हरिकिरण, शैलेन्द्र पटेल, कैलाश परमार, डॉ.बलवीर तोमर, हरपाल ठाकुर, ओम वर्मा, घनश्याम यादव, विवेक राठौर, राजेन्द्र वर्मा, राजाराम बड़े भाई, रमेश गुप्ता, जफरलाला, गजेन्द्र सिसोदिया, राजेश भूरा यादव, सुनील दुबे, डॉ. अनीस खान, गुलाब बाई ठाकुर, मनोज परमार, बलवान पटेल, घनश्याम मीणा, राकेश वर्मा, मजीद अंसारी, मुस्तफा अंजुम, राकेश वर्मा, कलीम पठान, रामनारायण शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


0 Comments