पुरुषोत्तम मास की शिवरात्रि पर ऐतिहासिक महाभिषेक, पूरा विश्व हुआ शिवमय पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर पूरे विश्व में गूंजा हर-हर महादेव, 81 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने घर-घर किया दिव्य अनुष्ठान, विश्वभर के सनातन प्रेमियों को एक सूत्र में बांध दिया


सीहोर। पुरुषोत्तम मास की पावन शिवरात्रि पर अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज के आह्वान पर पूरे विश्व में अभूतपूर्व आस्था का महासागर उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों, मंदिरों एवं शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन कर धर्म और भक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। इस मौके पर कुबेरेश्वरधाम पर भी करीब 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ सामूहिक रूप से आन लाइन पूर्ण विधि-विधान के साथ महाभिषेक में विशेष पूजा अर्चना की। पंडाल में विशाल एलईडी से सीधा प्रसारण किया जा रहा था। धाम पर मंदिर परिसर में विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला ने यहां पर मौजूद विप्रजनों के मार्गदर्शन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के साथ भगवान शिव का पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं अभिषेक किया।

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि अनुसार इस दिव्य अनुष्ठान में 81 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की। भारत सहित अमेरिका, रुस, जापान, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दुबई, नेपाल, मॉरीशस तथा अन्य अनेक देशों में भक्तों ने एक साथ भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की। गत वर्ष पूरे विश्व में 79 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पार्थिव अभिषेक किया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 81 करोड़ तक पहुंच गई। यह भगवान शिव के प्रति विश्वभर के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, विश्वास एवं भक्ति का अद्भूत प्रमाण है।

कथा उत्तरप्रदेश के बालिया से प्रसारित विशेष संदेश में पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति मानव जीवन को सकारात्मक ऊर्जा, शांति और आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करती है। उनके आह्वान पर लाखों परिवारों ने अपने घरों में ही शिवलिंग स्थापित कर विधि-विधान से महाभिषेक किया।

पूरे विश्व में दिखा भक्ति का अद्भुत दृश्य

पुरुषोत्तम मास की शिवरात्रि पर सुबह से ही मंदिरों और घरों में तथा हर-हर महादेव के जयघोष सुनाई दिए। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर श्रद्धालुओं ने महाभिषेक के चित्र एवं वीडियो साझा किए, जिससे पूरा वातावरण शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं का कहना है कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों द्वारा घर-घर महाभिषेक किए जाने का दृश्य ऐतिहासिक रहा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ अनुष्ठान में भाग लिया तथा भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। पुरुषोत्तम मास की शिवरात्रि पर आयोजित इस महाअनुष्ठान ने केवल भारत ही नहीं बल्कि विश्वभर के सनातन प्रेमियों को एक सूत्र में बांध दिया। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के इस अद्भुत संगम ने यह संदेश दिया कि भगवान शिव के प्रति आस्था की कोई सीमा नहीं होती। महाभिषेक के इस ऐतिहासिक आयोजन के बाद श्रद्धालुओं के बीच एक ही भावना दिखाई दी'पूरा विश्व शिवमय हो गया।


Post a Comment

0 Comments