जन कल्याण अभियान के तहत कृषक कार्यशाला एवं संगोष्ठियों का आयोजन

सीहोर, 18 जून, 2026 जन कल्याण अभियान के अंतर्गत जिले के किसानों को जैविक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से 19 से 20 जून तक प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला एवं कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 19 जून को इछावर, 20 जून को सीहोर तथा 21 जून 2026 को भैरूंदा में कृषक संगोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित की जाएंगी।

               कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संगोष्ठियों के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए तथा अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के किसान कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सकें और उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी नवीनतम जानकारी प्राप्त हो सके।

                संगोष्ठियों में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक एवं ऑर्गेनिक खेती, फसल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण तथा कृषि में नवाचारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी आय में वृद्धि के लिए उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है। इन संगोष्ठियों के माध्यम से किसानों को कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments