सीहोर, 16 जून, 2026 सीहोर जनपद के ग्राम लसूड़िया परिहार में जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र प्रदान किए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर पात्र नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि जनकल्याण शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम हैं। इन शिविरों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ ही उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं तथा अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी इन योजनाओं की जानकारी दें। इस अवसर पर जनपद सीईओ श्रीमती नमिता बघेल, श्री सूरसिंह बारेला, श्री गौरव सन्नी महाजन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे
0 Comments