सीहोर। ग्राम चंदेरी-पिपलिया मीरा में विद्युत मंडल द्वारा ग्रामीण किसानों एवं घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों एवं उपभोक्ताओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
किसान एवं समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा के नेतृत्व में ग्राम नई चंदेरी एवं पुरानी चंदेरी के ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में सुधार, घरेलू उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान तथा ग्राम नई चंदेरी में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि माननीय ऊर्जा मंत्री कार्यालय एवं सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर द्वारा दिए गए निर्देशों के बावजूद ग्राम नई चन्देरी में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की आवश्यकता बनी हुई है।
शिविर में विद्युत मंडल के डीई अंकित पालीवाल एवं विद्युत वितरण केंद्र बिलकिसगंज के प्रभारी अधिकारी चंद्रशेखर सहित विभागीय कर्मचारियों और लाइनमैनों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों द्वारा विभिन्न बिजली संबंधी समस्याओं, कम वोल्टेज, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि और बिल वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर पहली बार क्षेत्र में आगमन पर डीई अंकित पालीवाल का ग्रामीणों एवं किसानों द्वारा साफा बांधकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। वहीं किसान एवं समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा का भी ग्रामीणों ने साफा पहनाकर सम्मान किया।
ग्रामीणों ने मांग की कि प्रत्येक माह बिजली बिल घर-घर पहुंचाया जाए, ताकि किसानों एवं ग्रामीण उपभोक्ताओं को समय पर बिल प्राप्त हो सके और भुगतान करने में सुविधा हो। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अब नियमित रूप से लाइनमैनों के माध्यम से घर-घर बिजली बिलों का वितरण एवं वसूली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर के दौरान कई नए विद्युत कनेक्शन स्वीकृत किए गए तथा उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। अनेक उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में नाम सुधार एवं अन्य त्रुटियों का भी तत्काल समाधान किया गया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि माननीय मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप ग्राम नई चंदेरी में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति और अधिक सुचारु हो सके।
ग्रामीण किसानों ने विद्युत मंडल जिला सीहोर, विद्युत वितरण केंद्र बिलकिसगंज के अधिकारियों एवं समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा का आभार व्यक्त करते हुए साफा बांधकर सम्मान किया।
शिविर में किसान मांगीलाल मेवाड़ा, सज्जन सिंह मेवाड़ा, गोपाल सिंह मेवाड़ा, तुलसीराम मेवाड़ा (पूर्व मंडी अध्यक्ष), ग्राम पंचायत पिपलिया मीरा के सरपंच विष्णु मेवाड़ा, प्रहलाद सिंह मेवाड़ा, शेर सिंह, भगवान सिंह, नरेश, अर्जुन, रामकिशन सहित सैकड़ों ग्रामीण किसान एवं उपभोक्ता उपस्थित रहे। सभी ने अपनी-अपनी बिजली समस्याओं एवं मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि शिविर में दिए गए आश्वासनों पर शीघ्र अमल होगा और क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

0 Comments