सीहोर। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को ग्राम पंचायत श्यामपुर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में पंचायत पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत सरपंच नवीन ताराचंद चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली राम चौक से प्रारंभ होकर बस स्टैंड तक निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल चलाओ, प्रदूषण भगाओ और स्वस्थ रहो, साइकिल चलाओ के नारे लगाए। रैली में सरपंच नवीन चौहान, सचिव मुकेश पाटीदार, सहायक सचिव संतोष मालवीय,उपसरपंच प्रदीप पुष्पद, पंचगण मलखान भाटी, कालूराम शाक्य, समीम खान, मुबीन खान, राघवेंद्र राजपूत, राकेश माहेश्वरी, मनोज श्रीवास्तव, गोपाल माहेश्वरी, राजेंद्र सिंह हाड़ा, फराज खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सरपंच नवीन चौहान ने बताया कि साइकिल पर्यावरण के अनुकूल साधन है। इसके उपयोग से प्रदूषण कम होता है और स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अपने दैनिक कार्यों के लिए पैदल या साइकिल का उपयोग करें। सचिव मुकेश पाटीदार ने कहा कि पंचायत द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन आगे भी किए जाएंगे। रैली के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।

0 Comments