सीहोर, 13 जून, 2026 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अनुगूंज पहल के अंतर्गत श्रवण एवं वाक् बाधित समुदाय के लिए जिला न्यायालय परिसर में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री संजीव कुमार अग्रवाल ने जिला स्तरीय शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी संबंधितों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किये गये।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने कहा कि "अनुगूंज" श्रवण एवं वाक् बाधित समुदाय की आवाज को एक नई पहचान दिलाने की पहल है। इसके अंतर्गत प्रत्येक श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्ति की आवाज को एक ऐसा मंच प्रदान किया जायेगा, जिसके माध्यम से उसकी समस्या एवं भावनाएं व्यक्त की जा सकें तथा उसकी समस्याओं का निराकरण भी संभव हो सकें।
इसके लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संकेतवाणी एप बनाया गया है, जिसमें कोई भी श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्ति संकेत भाषा में वीडियो बनाकर अपनी समस्या बता सकता है, जिसका अनुवाद कर उसकी समस्या को जानने एवं निराकरण का कार्य विधिक सेवा संस्थाओं द्वारा किया जायेगा। यह एक नई पहल है, जो श्रवण एवं वाक बाधित व्यक्तियों के लिए बहुत ही उपयोगी एवं लाभकारी है।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती स्वप्नश्री सिंह द्वारा प्रतिभागियों से चर्चा की गई। उन्होंने तहसील न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक संचालित विधिक सेवा संस्थाओं के बारे में सरल शब्दों में जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों के प्रश्न जाने और निराकरण भी किया।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री वैभव मण्डलोई, विशेष न्यायाधीश श्री हेमंत जोशी, जिला न्यायाधीश श्रीमती स्मृतासिंह ठाकुर, जिला न्यायाधीश श्री एम.के. वर्मा, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री अनिल पारे, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीशान खान, श्रवण एवं वाक बाधित प्रतिभागीगण, स्वास्थ्य विभाग एवं डीआईसी की विशेष टीम, एनआईएमएचआर की टीम, सामाजिक न्याय विभाग की टीम, एनजीओ के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पैनल एवं अन्य अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, खण्डपीठ सदस्य, विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण, पैरालीगल वालेन्टियर्स आदि उपस्थित रहे।
.png)
0 Comments