योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है - राजस्व मंत्री अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित राजस्व मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने किया सामूहिक योग



सीहोर, 21 जून, 2026    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीहोर स्थित आवासीय खेल परिसर में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया। योग कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा शामिल हुए और योग किया। कार्यक्रम में कोलकाता से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

   इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहला सुख निरोगी काया है और योग निरोगी काया का आधार है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ एवं सुदृढ़ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी दूर होता है और व्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है।

      राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा ने भी संबोधित किया।

  योग कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, डीएफओ श्रीमती अर्चना पटेल, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं नागरिक भी शामिल हुए और सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments