सीहोर, 13 जून, 2026 कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मेकेनाइजेशन (एसएमएएम) योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों से जोड़ने के लिए शुरू की गई यह योजना खेतों में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दे रही है, जिससे किसानों का समय, श्रम और लागत तीनों की बचत हो रही है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के अनेक किसानों को लाभ मिल रहा है।
सीहोर जिले के ग्राम बिजोरी निवासी किसान श्री जितेंद्र वर्मा भी ऐसे ही किसानों में शामिल हैं, जिनके जीवन में एसएमएएम योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्हें इस योजना के अंतर्गत 50 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) पर फोर स्ट्रोक पंप प्राप्त हुआ है। इस आधुनिक कृषि यंत्र ने उनकी खेती के कार्यों को पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और सुविधाजनक बना दिया है।
श्री जितेंद्र वर्मा बताते हैं कि पहले फसलों में कीटनाशक और दवाइयों का छिड़काव करने के लिए हाथ से चलने वाले पंप का उपयोग करना पड़ता था। इस कार्य में पूरा दिन लग जाता था और काफी मेहनत भी करनी पड़ती थी। कई बार समय पर छिड़काव नहीं होने से फसलों पर कीटों और बीमारियों का प्रभाव बढ़ जाता था। लेकिन अब फोर स्ट्रोक पंप मिलने के बाद वही काम बहुत कम समय में और कम मेहनत से पूरा हो जाता है। इससे न केवल श्रम की बचत हुई है, बल्कि फसल प्रबंधन भी अधिक प्रभावी हुआ है।
वे कहते हैं कि आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल रही है और किसानों का आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। किसान श्री जितेंद्र वर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण आज छोटे और मध्यम किसान भी आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर पा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित कृषि के विजन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के किसान कल्याण के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश का किसान आधुनिक खेती की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मेकेनाइजेशन (एसएमएएम) केंद्र सरकार की योजना है, जिसे राज्यों के सहयोग से लागू किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराकर खेती को आधुनिक, लागत प्रभावी और अधिक लाभकारी बनाना है। योजना के माध्यम से कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा मिलने से किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम सामने आ रहे हैं।

0 Comments