सीहोर। युवाओं की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने और उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 'एक सखा सोशल वेलफेयर सोसाइटी' द्वारा 'ओपन माइक सफरनामा' कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। शहर के सागर रेस्टोरेंट एंड कैफे में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जहां कलाकारों ने अपने गीत, संगीत और कविताओं से वहां मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया।
इंटर्नशिप टीम ने संभाली कमान
विशेष बात यह रही कि इस पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन और प्रबंधन 'एक सखा' की इंटर्नशिप टीम द्वारा किया गया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने इवेंट मैनेजमेंट की बारीकियों को जमीन पर सीखा और अपनी प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन रितु मेवाड़ा एवं पलक गौर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
सुर और शब्दों की सजी महफिल
कार्यक्रम में अबीर शर्मा, मितांश खरे, सार्थक कलोदिया, श्रेयांश मेवाड़ा और समृद्धि टेकाम ने अपनी सुरीली आवाज में गायकी का हुनर दिखाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, शहर की जानी-मानी इन्फ्लुएंसर और कवयित्री याशिका सरकार ने अपनी बेहतरीन कविताओं से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
मेंबर्स ने दीं संगीत की बारीकियां
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद नरेंद्र विश्वकर्मा एवं आशीष राठौर ने म्यूजिक मेंटर की भूमिका निभाई। उन्होंने मंच पर प्रस्तुति देने वाले बच्चों और युवाओं का हौसला बढ़ाया और उन्हें संगीत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण और तकनीकी बारीकियां भी सिखाईं।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
'एक सखा' संस्था पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के साथ-साथ युवाओं को लगातार ऐसा मंच प्रदान करती आ रही है। कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रस्तुति देने वाले सभी होनहार कलाकारों को संस्था की ओर से सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर 'एक सखा' की इंटर्नशिप टीम की सदस्य पलक नागर, रानू नागर, सुहानी मेवाड़ा, तनूजा परमार नागर सहित संस्था के अन्य सभी वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में कलाप्रेमी मौजूद रहे।


0 Comments