सीहोर, 11 मई, 2026 “ज्ञान भारतम्” अभियान के अंतर्गत जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक धरोहरों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण को लेकर संयुक्त कलेक्टर श्री जमील खान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों, ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं सांस्कृतिक विरासत को “ज्ञान भारतम्” ऐप के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना एवं आमजन तक उनकी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
बैठक के दौरान “ज्ञान भारतम्” ऐप की कार्यप्रणाली, उसके उद्देश्यों एवं जिले में इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा यह विचार रखा गया कि जिले में मौजूद ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से संरक्षित किया जाना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी इन महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ प्राप्त हो सके। इस अवसर पर श्री गणेश लाल जैन द्वारा सीहोर स्थित जैन मंदिरों में संरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों, धार्मिक ग्रंथों एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि इन पांडुलिपियों में ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सामग्री उपलब्ध है, जिनका संरक्षण एवं डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाना आवश्यक है।
बैठक में इस विषय पर मंदिर समिति से चर्चा कर इन पांडुलिपियों एवं दस्तावेजों को “ज्ञान भारतम्” ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करने एवं उनका डिजिटलीकरण करने पर सहमति व्यक्त की गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि जिले के अन्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी भी चरणबद्ध तरीके से ऐप पर अपलोड की जाएगी।
उपस्थित अधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि “ज्ञान भारतम्” अभियान के माध्यम से जिले की विरासत को डिजिटल स्वरूप में संरक्षित करने का यह प्रयास न केवल शोध एवं अध्ययन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा, बल्कि आमजन को भी अपने क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान एवं इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों द्वारा अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने का संकल्प लिया गया। बैठक में रीजनल साइंस सेंटर भोपाल के सेंटर हेड श्री साकेत सिंह कौरव, संयुक्त कलेक्टर सीहोर श्री जमील खान, पीएम एक्सीलेंस कॉलेज सीहोर के श्री गणेश लाल जैन, श्री विशाल परमार, ई-गवर्नेंस मैनेजर श्री गौरव बंसल तथा तहसीलदार श्री अमित सिंह उपस्थित थे।

0 Comments