सीहोर, 19 मई 2026 सीहोर में सामाजिक संस्था “टीम संडे का सुकून” द्वारा शहर सौंदर्यीकरण एवं जनहित के उद्देश्य से निरंतर नवाचार किए जा रहे हैं। संस्था के सदस्यों द्वारा अपने जन्मदिन के अवसर को समाजसेवा एवं शहर हित के कार्यों के लिए समर्पित करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर सौंदर्यीकरण संबंधी पहल प्रारंभ की गई है।
संस्था के सदस्यों द्वारा आपसी सहयोग से राशि एकत्रित कर कोतवाली चौराहे पर एक आकर्षक सेल्फी बोर्ड स्थापित किया गया है। जनसंपर्क विभाग के उप संचालक श्री देवेन्द्र ओगारे और नगर पालिका सीएमओ श्री सुधीर सिंह ने इस सेल्फी बोर्ड का लोकार्पण किया।
इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख स्थानों पर आकर्षक एलईडी सजावटी आकृतियां स्थापित करने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी। इसी क्रम में टीम द्वारा सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थानों पर आकर्षक कलश रूपी गमले भी स्थापित किए जा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।
संस्था के सदस्यों ने युवाओं से अपील की है कि जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों को केवल निजी उत्सव तक सीमित न रखते हुए सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों से भी जोड़ा जाए। संस्था का मानना है कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं।
उल्लेखनीय है कि “टीम संडे का सुकून” द्वारा जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए निरंतर निशुल्क भोजन सेवा भी संचालित की जा रही है। भोजन वितरण में स्टील के बर्तनों का उपयोग कर सिंगल यूज प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री से परहेज किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा गौ-सेवा, मोक्ष वाहन संचालन एवं बर्तन बैंक जैसी सामाजिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। इस अवसर पर टीम के सभी सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
.jpeg)
0 Comments