मंडी चौराहे पर आप कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी नवागत जिलाध्यक्ष चेतन वास्तवार का किया स्वागत


सीहोर। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए पिछला एक सप्ताह दोहरी खुशियों की सौगात लेकर आया है। संगठन की मजबूती के लिए पार्टी ने जिले की कमान युवा और सक्रिय चेहरा माने जाने वाले चेतन वास्तवार भैयाद्ध को सौंपी है। जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार सीहोर पहुंचे चेतन वास्तवार का कार्यकर्ताओं ने मंडी चौराहे पर ढोल-धमाकों और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता मंडी चौराहे पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने चेतन वास्तवार को फूलों के हारों से लाद दिया और मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। पार्टी के मध्य प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर द्वारा जारी सूची में चेतन की नियुक्ति को जिले में संगठन विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि गन्नू भैया के नेतृत्व में पार्टी जिले में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।

सत्य की जीत और नई जिम्मेदारी, दोहरी खुशी का जश्न

मंडी चौराहे पर मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनके लिए जश्न की दो वजहें हैं। पहली यह कि एक सप्ताह पहले ही पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को कानूनी मोर्चे पर बड़ी राहत मिली और वे निर्दोष साबित हुए, जिसे कार्यकर्ताओं ने सत्य की जीत बताया। वहीं दूसरी ओर जिले में संगठन की कमान एक ऊर्जावान साथी को मिलने से कार्यकर्ताओं का जोश दोगुना हो गया है।

गांव-गांव तक पहुंचाएंगे दिल्ली-पंजाब मॉडल- वास्तवार

स्वागत से गदगद नवनियुक्त जिलाध्यक्ष चेतन वास्तवार ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करुंगा। मेरा मुख्य लक्ष्य जिले के हर गांव और बूथ स्तर तक आप की विचारधारा को पहुंचाना है। हम घर-घर जाकर लोगों को दिल्ली और पंजाब के विकास मॉडल से अवगत कराएंगे और संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे।


Post a Comment

0 Comments