सीहोर। साहू समाज द्वारा भक्ति शिरोमणि मां कर्मा देवी का जन्मोत्सव 15 मार्च, रविवार को श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जगदीश मंदिर पहुंचेगा, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में साहू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के अध्यक्ष जितेंद्र साहू एवं महिला मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी साहू की अध्यक्षता में आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से चल समारोह के अध्यक्ष के रूप में श्री धनराज साहू को नियुक्त किया गया, वहीं महिला मंडल चल समारोह अध्यक्ष की जिम्मेदारी श्रीमती संदीपा साहू को सौंपी गई। सभी समाजजनों ने नव-निर्वाचित अध्यक्षों को बधाई दी और आयोजन को भव्य बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में बड़ी संख्या में समाज के महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने विचार रखते हुए कार्यक्रम को अनुशासित और भव्य रूप से संपन्न कराने का सुझाव दिया। साथ ही समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां कर्मा देवी जन्मोत्सव को सफल बनाने की अपील की गई।

0 Comments