भोपाल क्रिकेट अकादमी ने यंग स्टार को 305 रन के विशाल अंतर से हराया भोपाल के श्याम सुंदर ने खेली 45 गेंद पर 118 रन की विस्फोटक पारी बीएसआई मैदान पर स्व.श्री गेंदालाल राय स्मृति लेदर बाल क्रिकेट प्रतियोगिता


सीहोर। शहर के बीएसआई मैदान पर नगर सेठ स्व. श्री गेंदालाल राय स्मृति लेदर बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत दो मुकाबले खेले गए। जिसमें पहला मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा। जिसमें मयंक चतुर्वेदी अकादमी ने इंदौर क्लब को एक रन से हराया। वहीं दूसरा मैच एक तरफा जिसमें भोपाल क्रिकेट अकादमी ने यंग स्टार भोपाल को हराया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने किया था। इस मौके पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अतुल त्रिवेदी ने बताया कि पहले मैच में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 141 रन बनाए थे। इसमें देवांश ने 40 रन, रजनेश बंसल ने 21 रन और अरबाज उद्दीन ने 49 रन की शानदार पारी खेली। इधर इंदौर क्लब की ओर से आकाश पवार ने तीन विकेट, गौतम भाटी ने दो, कार्तिक-अगमय ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर क्लब की टीम सात विकेट खोकर 140 रन ही बना सकी। इसमें सुरज ने 24 रन, आयुष ने 27 रन, तनमय ने 22 रन, अरकाश ने 30 रन और कृष्णा ने 26 रन बनाए थे।

भोपाल क्रिकेट अकादमी की एक तरफा जीत

इसके अलावा एक अन्य मुकाबला भोपाल क्रिकेट अकादमी और यंग स्टार के मध्य खेला गया था। इस मुकाबले में भोपाल क्रिकेट अकादमी ने यंग स्टार भोपाल को 305 रन की विशाल अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भोपाल अकादमी ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 350 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इसमें श्याम सुंदर ने मात्र 45 गेंंद पर विस्फोटक 118 रन, शिवजीत ने 57 रन और रौनक ने 66 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यंग स्टार भोपाल की टीम 15.4 ओवर में 45 रन पर ढेर हो गई।

श्री त्रिवेदी ने बताया कि बीएसआई मैदान पर स्व.श्री गेंदालाल राय स्मृति लेदर बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पूर्व नपाध्यक्ष राकेश राय, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, विधायक सुदेश राय, बंटी राय सहित पूरे राय परिवार को खिलाड़ियों को सहयोग मिल रहा है। 


Post a Comment

0 Comments