पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जवानों को किया याद ऐसे अमर बलिदानियों के कारण ही आज हम सुरक्षित हैं - पंकज शर्मा


सीहोर। कांग्रेसजनों ने पुलवामा में आतंकियों द्वारा भारत के वीर जवानों पर किए गए कायराना हमले की बरसी पर स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सबसे पहले सभी उपस्थितजनों ने वीर जवानों के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं पुष्प अर्पित कर उनको नमन किया। तत्पश्चात सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मशांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की और उनके परिजनों को इस दुख से उबारने हेतु ताकत देने की भी प्रार्थना की। इस मौके पर उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने कहा कि सात साल पहले आज ही के दिन 2019 में आतंकवादियों ने कायराना हरकत करते हुए भारत के वीर जवानों पर धोखे से हमला कर दिया था, जिसमें हमारे देश के 40 वीर जवान शहीद हो गए थे। आज हम सब उन्हीं के याद में यहां एकत्रित हुए हैं और उन्हें अपने हृदय की गहराइयों से नमन करते हैं। पंकज शर्मा ने आगे कहा कि ऐसे वीर जवान सीमा पर अपनी जान की बाजी लगा देते हैं और देश की रक्षा के लिए शहीद हो जाते हैं, ऐसे वीर जवानों के कारण ही हम देश में सुरक्षित हैं और चैन का जीवन जी पा रहे हैं। ये जवान हमारे चैन और सुकून के लिए रात रात भर कई घंटों तक सीमा पर पहरा देते हैं लेकिन हमारे ऊपर कोई खतरा नहीं आने देते, जिससे ही आज हमारा देश सुरक्षित है और तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। पंकज शर्मा ने अंत में सभी छात्रों को देशप्रेम की शपथ दिलवाई और जवानों का हमेशा सम्मान करने की बात कही क्योंकि इन वीर सपूतों के कारण ही हमारी जिंदगी सुरक्षित है, इसलिए सभी भारतीयों को जवानों का समान करना चाहिए क्योंकि अगर जवान सीमा पर सजग ना रहें तो हम भी सुरक्षित नहीं रह सकेंगे, इसलिए इनका सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। इस अवसर पर कांग्रेस नेता अरुण मालवीय सहित बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments