सीहोर, 10 फरवरी, 2026 कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर कृषि, खाद्य एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के कार्यों और गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में उन्होंने खाद-बीज की उपलब्धता, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन के बारे में जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को नियमित और निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने, पात्रता सूची का सत्यापन कराने तथा वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों एवं प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से फूड सैंपल लेकर परीक्षण कराया जाए तथा मिलावट पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को जागरूक करने, वैकल्पिक प्रबंधन तकनीकों को बढ़ावा देने तथा ग्राम स्तर पर निगरानी तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों निर्देश देते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे किसान प्राकृतिक खेती को अपनाएं और उनकी लागत घटे और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि सभी आपस में समन्वय के साथ कार्य करें और परिणाममूलक प्रगति सुनिश्चित करें। बैठक में कृषि उपसंचालक श्री आशोक कुमार उपाध्याय, जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती रेशमा भामोर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)
0 Comments